भोपाल, मध्य प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव के प्रथम चरण में 133 नगरीय निकायों में मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ। 11 बजे तक 32% वोटिंग हो चुकी है। इंदौर में विधायक मालिनी गौड़ के बेटे एकलव्य गौड़ और उसके साथियों पर बूथ के अंदर कांग्रेस मंडलम अध्यक्ष सुनील सोलंकी के साथ बेरहमी से मारपीट का आरोप है। मामला लोधीपुरा के परसराम स्कूल का बताया जा रहा है। यहां सुनील सोलंकी ने मृत्युंजय नाम के व्यक्ति को फर्जी वोट डालने से रोका, जिस पर गौड़ ओर उसके 20-25 साथियों ने सोलंकी के साथ बूथ में मारपीट शुरू कर दी। सोलंकी ने घटना की सूचना कांग्रेस नेताओं को दी। सोलंकी कांग्रेस नेताओं के साथ थाना छत्रीपुरा रिपोर्ट दर्ज करवाने पहुंच चुके हैं।   
 ग्वालियर में दोपहर डेढ़ बजे से तेज बारिश हो रही है। ग्वालियर नगर निगम के साथ ही डबरा नगर पालिका में भी वोटिंग हो रही है। इसके अलावा आंतरी, पिछोर, बिलौआ, भितरवार और मोहना नगर परिषद के लिए भी वोटिंग चल रही है। एक बजे तक ग्वालियर नगर निगम में सिर्फ 31.7% वोटिंग दर्ज हुई। वहीं, अन्य जगहों में सबसे अधिक 77.1% नगर परिषद आंतरी में दर्ज हुई।  
 सतना के वार्ड क्रमांक नौ में मंगलवार रात महिला मतदाताओं को साड़ी बांटने से संबंधित शिकायत का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ था। इसे संज्ञान में लेकर पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता ने टीआई कोलगवां को जांच के निर्देश दिए थे। जांच के बाद थाना कोलगवां में वार्ड क्रमांक नौ की कांग्रेस प्रत्याशी रीना पटनहा एवं पति प्रमोद पटनहा के खिलाफ 171(B),171(E),171(F),188 एवं 34 भादवि का अपराध दर्ज किया गया है। मतदाता को दी गई एक साड़ी भी जब्त की गई है।  
 भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता देवास के कन्नौद में आपस में ही भिड़ गए। किसी बात को लेकर विवाद हुआ तो वह लोग आपस में गुत्थमगुत्था हो गए।
 शिवपुरी जिले में नगरीय निकाय चुनाव को लेकर पहले चरण का मतदान जारी है। पहले चरण में बुधवार को जिले के तीन नगर परिषद रन्नौद, बदरवास, खनियाधाना में मतदान हो रहा है। रन्नोद नगर परिषद में सुबह 11 बजे तक सबसे ज्यादा 61.21% मतदान हुआ है। बदरवास में 11 बजे तक 40.04% और खनियाधाना में 42.53 प्रतिशत मतदान हुआ। तीनों ही नगर परिषदों के मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की भारी भीड़ देखी गई। मतदान के प्रति मतदाताओं में उत्साह देखा गया। सुरक्षा के भी आवश्यक इंतजाम प्रशासन द्वारा किए गए थे।   
 दमोह में वोटिंग के लिए मतदान केंद्र पहुंची एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। मामला नॉरिबट स्कूल का है। वहां करीब 90 वर्षीय कमल रानी सुबह 9 बजे वोट डालने गई थी। ईवीएम के नजदीक पहुंचते ही बटन दबाने से पहले चक्कर आया और बेहोश होकर गिर गई। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित किया। वहीं, ग्वालियर में वार्ड क्रमांक तीन के पूर्व पार्षद शिवदयाल छैया के साथ मारपीट हुई। नाले में खड़े होकर उन्होंने आरोप लगाए कि कचौड़ी खा रहे थे, तब उनके साथ मारपीट की गई। पूर्व पार्षद ने बहोड़ापुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है।   
 ग्वालियर में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने पत्नी किरण तोमर के साथ मुरार (ग्वालियर) स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 2 के कमरा नंबर 2 में पहुंचकर नगर निगम चुनाव में मतदान किया। वोट डालने से पहले वे लाइन में खड़े दिखाई दिए। लोकतंत्र के इस महापर्व में केंद्रीय मंत्री तोमर ने सभी मतदाताओ से बढ़-चढ़कर उत्साह के साथ मतदान में भागीदारी करने की अपील की।
 इंदौर के पुलिस कमिश्नर हरिनारायणचारी मिश्र ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने आम नागरिकों में यह संदेश दिया कि इंदौर पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ उनकी सुरक्षा के लिए शांतिपूर्ण , निष्पक्ष एवं निर्विघ्नं चुनाव प्रक्रिया संपन्न करवाने के लिए अपनी ड्यूटी कर रही है। अतः आप सभी निर्भिक होकर पूर्ण उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग जरूर करें और मतदान करने अवश्य जाएं।   इंदौर में कांग्रेस विधायक और पार्टी के महापौर प्रत्याशी संजय शुक्ला ने सपरिवार मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि आज लोकतंत्र के इस पर्व में सहभागी होकर मैंने अपना कर्तव्य निभाया। आप भी इंदौर के विकास के लिए मताधिकार का प्रयोग करते हुए मतदान कीजिए। अपने सपनों का इंदौर बनाने में योगदान दीजिए। आप का एक एक वोट इंदौर के विकास के लिए जरूरी है।  
 मध्य प्रदेश में नगरीय निकाय चुनावों में सुबह 11 बजे तक 32% मतदान हो गया है। सुबह 9 बजे तक सिर्फ 14% मतदान हुआ था। इसके बाद गति बढ़ गई है। इंदौर-भोपाल में तेज बारिश की चेतावनी की वजह से जो चेहरे बेनूर थे, वह धूप के खिलने के साथ ही खिल उठे। भोपाल में शुरुआती पांच घंटे में 24% वोटिंग की बात सामने आ रही है। सतना में एक इलाके में तो 50% से अधिक वोटिंग 11 बजे तक हो चुका है।
राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राकेश सिंह ने बताया कि प्रदेश में नगरीय निकाय के पहले चरण में 133 नगरीय निकायों में सुबह 7 बजे मतदान शुरू हुआ था। 11 महापौर और 2808 पार्षद चुनने के लिए 1.4 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। मतदान शाम 5 बजे तक चलेगा। प्रथम चरण में 44 जिलों में 11 नगर निगम, 36 नगरपालिका परिषद और 86 नगर परिषदों में मतदान हो रहा है। इसके लिए कुल 13 हजार 148 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं।   
 भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने भोपाल के वार्ड क्रमांक 25 बूथ क्रमांक 675 पर मतदान किया। मतदान के बाद उन्होंने दावा किया आज परिवारवाद पर विकासवाद हावी है। बीजेपी ने जो कहा है, वह करके दिखाया है। जनता बीजेपी के पक्ष में वोट करेगी। सभी 16 नगर निगमों में भाजपा का महापौर ही जीतेगा। इसमें कोई शक ही नहीं है।   
 मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सभी मतदाताओं से बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सबसे बड़ा दान, मतदान होता है। मध्यप्रदेश के नगरीय निकाय चुनाव के मतदान का आज पहला चरण है। सभी मतदाताओं से मेरा अनुरोध है कि वे अपने मताधिकार का उपयोग अवश्य करें और अपने शहर के विकास में सहभागी बनें।
 गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भी कहा कि प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव के लिए पहले चरण का मतदान शुरु हो चुका है। प्रदेश की देवतुल्य जनता से अपील है कि अगर आपके शहर में भी आज मतदान हो रहा है तो नगर सरकार बनाने के लिए आप भी निर्भीक होकर अपने वोट का महादान करें और लोकतंत्र को मजबूत करने में योगदान करें।  
 भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने दावा किया कि इंदौर में भारी बारिश के बाद भी अभूतपूर्व मतदान होगा। उन्होंने कहा कि पहले मतदान फिर दूजा काम ! आज इंदौर अपने भविष्य निर्धारण के लिए मतदान करेगा। परिस्थितियां विपरीत है मौसम विभाग ने इंदौर में भारी बारिश की चेतावनी दी है। मुझे विश्वास है कि भारी बारिश में भी इंदौरवासी भारी मात्रा में मतदान करेंगे।