छत्तीसगढ़ में कांग्रेस विधानसभा चुनाव की तैयारी के मोर्चे पर उतर गई है। कांग्रेस ने हर बूथ में 50 नए सदस्य बनाने का लक्ष्य तय किया है। कांग्रेस की सदस्यता फिजिकल और आनलाइन दोनों तरह से होगी। आनलाइन सदस्यता में लोगों के वोटर आइडी के साथ सदस्य बनाए जाएंगे। डिजिटल सदस्यता के लिए सभी 90 विधानसभा में प्रभारी बनाए गए हैं। सभी प्रभारियों का प्रशिक्षण कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में शुक्रवार को हुआ। प्रशिक्षण के बाद मीडिया से चर्चा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि हमारी सदस्यता भाजपा की आनलाइन सदस्यता की तरह फर्जी नहीं रहेगी। हर सदस्य का वोटर आइडी रिकार्ड में आनलाइन दर्ज किया जाएगा।

विधानसभा चुनाव की प्राथमिक स्तर पर तैयारी शुरू कर दी गई है। पहले चरण में बूथ पर सदस्यता अभियान चलेगा। हर बूथ में दो बुक भेजी जा रही है, जिसमें 50 सदस्य बनाए जाएंगे। संगठन की जिम्मेदारियों को पूरा करने पर संगठन उसका आकलन करती है। मरकाम ने प्रभारियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि संगठन में काम करने वाले आज सरकार में महत्वपूर्ण दायित्व निभा रहे। युवा कांग्रेस, एनएसयूआइ, सेवादल, महिला कांग्रेस सभी में काम करने वालों को पार्टी अवसर देती है। सभी को सदस्यता अभियान की जवाबदारी पूरी करनी है। सभी को अपने क्षेत्र में स्थानीय पदाधिकारियों को साथ लेकर सदस्यता पूरा करना है। मरकाम ने कहा कि सदस्यता अभियान मार्च तक चलेगा, लेकिन प्रदेश में फरवरी तक दस लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सप्तगिरी शंकर उल्का ने कहा कि डिजिटल सदस्यता अभियान में युवाओं को पार्टी से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। हम भाजपा जैसा फर्जी सदस्यता अभियान नहीं करेंगे। जिसे सदस्य बनाएंगे, उसका वोटर आइडी, परिचय, पता सभी वास्तविक रहेगा। उल्का ने कहा कि जो पार्टी का सदस्य होगा, उसे ही पार्टी की जिम्मेदारी मिलेगी। भाजपा पर निशाना साधते हुए उल्का ने कहा कि भाजपा के पास सिवाय झूठ, झूठे वादे के कुछ नहीं है। हमें उनके झूठ का मुकाबला अपनी बात को जनता तक पहुंचाकर करना होगा। हमें राज्य सरकार, कांग्रेस का इतिहास, कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के बारे में जनता को बताना है। राष्ट्रीय सचिव डा. चंदन यादव ने कहा कि सदस्यता का लाभ पार्टी को मिलेगा। हमारे युवा, एनएसयूआइ, महिला कांग्रेस के लोग भी इस अभियान से जुड़े हैं। युवा साथी डिजिटल सदस्यता अभियान को ज्यादा गति दे सकते है। पूरे देश में कांग्रेस के कार्यकर्ता कर्मठ होता है। हिंदुस्तान को समझना है, तो कांग्रेस को समझना होगा। हमें डिजिटल युग में खुद को उसके साथ चलना होगा। इंटरनेट मीडिया आज सरकार बनाने और बिगाड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।