दिल्ली नगर निगम डेंगू के बढ़ते मामलों को रोक नहीं पा रहा है। गत वर्ष के मुकाबले इस साल जनवरी से लेकर दो जुलाई तक डेंगू के 143 मामले सामने आए हैं। बीते साल इस अवधि में 36 मामले थे। इस बार डेंगू के मामलों की संख्या बीते साल की तुलना में चार गुना के करीब है।निगम द्वारा सोमवार को डेंगू, चिकनगुनिया और मलेरिया की रिपोर्ट जारी की गई। रिपोर्ट में कहा गया है कि जनवरी से दो जुलाई तक डेंगू के 143 मामले सामने आए हैं। निगम अधिकारियों का कहना है कि मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए पांच लाख 81 हजार 772 घरों में मच्छरमार दवा का छिड़काव किया गया। एक करोड 52 लाख से अधिक घरों में निरीक्षण किया गया। इस दौरान 40 हजार 289 घरों में लार्वा मच्छर पाए गए और उनको नष्ट किया गया।