दिल्ली-एनसीआर के लोगों को इस वीक एंड पर मिनी भारत की झलक देखने और विभिन्न राज्यों की संस्कृति, कला और खान-पान से रूबरू होने का मौका मिलेगा। केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय लाल किला प्रागंण में 26 जनवरी से छह दिवसीय कार्यक्रम ''भारत पर्व'' आयोजित करने जा रहा है।लाल किले के प्रागंण में 31 जनवरी तक चलने वाले कार्यक्रम के दौरान दर्शकों को गणतंत्र दिवस परेड़ की सर्वश्रेष्ठ झाकियां देखने को भी मिलेंगी। खास बात यह है कि यहां दर्शकों को सरकार की जी 20, एक भारत-श्रेष्ठ भारत, देखो अपना देश, जनभागीदारी योजनाओं को जानने का मौका भी मिलेगा।

केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, राज्य व केंद्र शासित प्रदेशों के सांस्कृतिक मंडलों और क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्रों के साथ मिलकर '' भारत पर्व '' नामक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। जबकि जबकि पर्यटन मंत्रालय इसमें नोडल मंत्रालय के रूप में नामित किया गया है।यहां पर सांस्कृतिक प्रदर्शन, एक अखिल भारतीय फूड कोर्ट और 65 हस्तकला स्टालों के साथ एक अखिल भारतीय शिल्प बाजार भी दर्शकों को देखने को मिलेगा। दर्शक सुबह 10 बजे से लेकर रात 10 बजे तक घूम सकते हैं।