महाराजगंज। यहां एक तेंदुए ने एक इंसान पर हमला कर उसे अपना शिकार बनाने की भरपूर कोशिश की लेकिन लोगों की नजर पड़ने के बाद मुश्किल से उसे बचाया जासका। इस दौरान तेंदुए के जबड़े और पंजे में फंसे हुए इंसान की सांसें अटकी रहीं। काफी शोर शराबे के बाद इंसान को तेंदुए ने छोड़ दिया।
  यह मामला यूपी के महाराजगंज जनपद का है। जनपद के उत्तरी चौक रेंज के जंगल से भटक कर एक तेंदुआ नौतनवा इलाके के रामनगर मरचहवा टोले पर पहुंच गया था। खतरनाक तेंदुआ ने आबादी में घुसकर जबर्दस्त उत्पात मचाया और 6 ग्रामीणों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। तेंदुए के हमले में ग्रामीणों की बड़ी मुश्किल से जान बची। इस दौरान एक ग्रामीण पर तो तेंदुए ने पंजे और जबड़े से हमला बोला और उसकी छाती पर चढ़ गया लेकिन किसी तरह से बमुश्किल उस इंसान की जान बच सकी। 
  जनपद के सोगी वर्मा ने बताया कि जंगलों से आए दिन तेंदुआ भटक कर रिहायशी इलाकों में आकर तांडव मचाता है। तेंदुए के हमले से घायल ग्रामीणों को नौतनवा के अस्पताल में भिजवाया गया है  जहां हालत गंभीर देख डॉक्टर ने तीन ग्रामीणों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। बाकी घायलों को अस्पताल में इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। गौरतलब है कि महाराजगंज जनपद के सोहगी वरवा वन्य जीव प्रभाग के उत्तरी चौक रेंज के रामनगर मरचहवा गांव के पास जंगल से भटक कर तेंदुआ रिहायशी इलाकों में घुस गया था।
  तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग की तरफ से रेस्क्यू अभियान भी चलाया गया। मौके पर लोगों की नाराजगी को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात कर दी गई। हालांकि अभी तक तेंदुए का पता नहीं चल पाया है।