वाराणसी : गंगा के जरिए ग्रीन एनर्जी का संदेश देने के लिए आज वाराणसी में सीएनजी बोट रैली का आयोजन है। नमो घाट पर अब से थोड़ी ही देर बाद सीएनजी बोट रैली का शुभारंभ केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी और ऊर्जा मंत्री एके शर्मा करेंगे। नमो घाट से रविदास घाट तक बोट रैली में सीएनजी युक्त 100 नौकाएं भाग लेंगी। साथ ही पेट्रोलियम मंत्रालय से संबंधित विभागों की सीएनजी बोट रेस का भी आयोजन होगा।

कार्यक्रम के दौरान जी-20 आयोजन के लिए भी लोगों को जागरूक किया जाएगा। रैली में भाग लेने के लिए नाविकों को फ्री सीएनजी गैस दी जाएगी। रैली के दौरान नमो घाट से रविदास घाट तक यात्री नावों का संचालन बंद रहेगा। निर्णायक मंडली में कोट्टयम, केरल से छह लोगों को आमंत्रित किया गया है, जो इस पूरे रैली पर निगरानी रखेंगे। 

नई दिल्ली के अपर महानिदेशक और पेट्रोलियम मंत्रालय के प्रवक्ता राजीव जैन ने बताया कि भारत के जी-20 की अध्यक्षता के दौरान बेंगलुरु में 6-8 फरवरी 2023 तक ‘ग्रोथ, कोलैबोरेशन, ट्रांजिशन’ विषय पर एनर्जी वीक 2023 मनाया जा रहा है, जिसका नाम ‘काशी के रंग ऊर्जा के संग’ है।

इसका उद्देश्य लोगों को जीरो इमिशन ऊर्जा और सीएनजी के प्रति जागरूक करना है। गेल के महाप्रबंधक सुशील कुमार ने बताया कि बनारस में विश्व का पहला तैरता सीएनजी स्टेशन नमो घाट पर बनाया गया है। इसी को देखते हुए सीएनजी बोट रैली का आयोजन किया जा रहा है।

विशिष्ट अतिथि गंगा आरती के समय दशाश्वमेध घाट और उसके उपरांत चेत सिंह घाट पर लौटेंगे, जहां लेजर शो का आयोजन किया गया है। रैली का समापन नमो घाट पर होगा, जहां पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।