दिल्ली में मौसम ने करवट ले ली है। बुधवार को मौसम पूरी तरह से बदल गया। सुबह से आसमान में हल्के बादल थे जो दोपहर बाद पूरी तरह से छा गए। देर शाम कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई। इस कारण अधिकतम तापमान में दो डिग्री तक गिरावट दर्ज हुई। हालांकि न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक दर्ज किया गया। दोपहर में चली तेज हवाओं ने ठंडक का अहसास कराया। 26 जनवरी को भी मौसम नर्म ही बने रहने की संभावना है।दिल्ली में मजबूत पश्चिमी विक्षोभ की कमी के कारण नवंबर व दिसंबर में बारिश नहीं हुई है।

वहीं जनवरी में भी बारिश ना के बराबर ही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 25 जनवरी शाम को व 29 जनवरी को दिल्ली में बारिश हो सकती है। बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 19.3 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 10.6 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम में बदलाव के कारण गुरुवार को अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री रहने की संभावना है।

27 व 28 को न्यूनतम तापमान में गिरावट होने की संभावना है। इस कारण से एक बार फिर से ठिठुरन का अहसास होगा। इस दौरान तापमान 06 डिग्री तक रहने का अनुमान है। उसके बाद तापमान में बढ़ोतरी होनी शुरू होगी। गुरुवार को सुबह के समय हल्के कोहरे की भी संभावना है। दिल्ली के जाफरपुर इलाके में सबसे कम 16.6 डिग्री सेल्सियस दिन का तापमान दर्ज हुआ।जबकि रिज इलाके में सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। गुरूग्राम में अधिकतम तापमान 17.0 और न्यूनतम तापमान 10.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। गाजियाबाद में अधिकतम तापमान 18.8 और न्यूनतम तापमान 13.3 और नोएडा में अधिकतम तापमान 19.2 और न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री सेल्सियस रहा।