मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि आपातकाल में भी लोकतंत्र सेनानियों ने भारत माता का जयघोष किया। सत्ताधीशों ने अपने आप को सत्ता में बनाए रखने के लिए लोकतंत्र का गला घोंटा। हालांकि, लोकतंत्र सेनानियों ने बिना परिणामों की परवाह किए यातनाएं और कष्ट सहे। उन्होंने देश की आजादी की तीसरी लड़ाई लड़ी। इस संघर्ष का सम्मान हमारा कर्तव्य और धर्म है। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश के लोकतंत्र सेनानियों के सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों को प्रदान की जा रही 25 हजार रुपये की सम्मान निधि को बढ़ाकर 30 हजार रुपये प्रतिमाह किया जाएगा। जो लोकतंत्र सेनानी एक माह से कम अवधि के लिए बंदी रहे हैं, उनकी सम्मान निधि 8 हजार रुपये से बढ़ाकर 10 हजार रुपये की जाएगी। दिवंगतों के परिवारों को दी जाने वाली निधि भी 5 हजार से बढ़ाकर 8 हजार रुपये की जाएगी।

उन्होंने इस दौरान कहा कि लोकतंत्र सेनानियों को दिल्ली प्रवास के दौरान मध्यप्रदेश भवन में ठहरने की सुविधा होगी। जिलों के विश्राम गृह और रेस्ट हाऊस में वे दो दिन तक 50 प्रतिशत शुल्क देकर रह सकेंगे। साथ ही सभी तरह की बीमारियों का सम्पूर्ण इलाज राज्य शासन द्वारा कराया जाएगा। शासकीय कार्यालयों में उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार हो, इसके लिए विशेष निर्देश जारी किए जा रहे हैं। लोकतंत्र सेनानियों को राज्य शासन की ओर से ताम्रपत्र प्रदान किए गए थे, जिन्हें ताम्रपत्र मिलना शेष हैं, उन्हें भी तत्काल ताम्रपत्र उपलब्ध कराए जाएंगे। लोकतंत्र सेनानी किसी भी तरह के कष्ट और परेशानी में अपने आप को अकेला न समझें, राज्य सरकार उनके साथ है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आपातकाल में कई परिवार तबाह हुए। यह वह दौर था जब कोई अपील-कोई वकील-कोई दलील नहीं सुनी जाती थी। लोकतंत्र सेनानियों ने एक सिद्धांत, विचारधारा और संगठन के लिए यातनाएं सहीं, यह उस विचार का सम्मान था, जिसने लोकतंत्र को बचाया। आज इसी विचारधारा का डंका पूरी दुनिया में बज रहा है।

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की शान को बढ़ाया है। वर्तमान में भी लोकतंत्र को बचाने की जिम्मेदारी हम सबकी है। जिनकी लोकतंत्र में आस्था नहीं है, जिनका भारतीय संस्कृति- मूल्यों और परम्पराओं से कोई लेना-देना नहीं है, उनसे सतर्क रहना जरूरी है। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में बाबा नागार्जुन और पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी की कविताओं की पंक्तियों का भी उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री चौहान ने निवास परिसर में हुए सम्मेलन का दीप जला कर शुभारंभ किया। वंदे-मातरम गान तथा मां भारती के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद सीएम ने लोकतंत्र सेनानियों का अंगवस्त्रम पहना कर स्वागत किया तथा उन्हें प्रतीक चिन्ह भेंट किए। मुख्यमंत्री ने आपातकाल की कटु स्मृतियों पर रमेश गुप्ता की पुस्तक "मैं मीसाबंदी-आपातकाल व्यथा-कथा-19 महीने" का विमोचन किया।