भोपाल  ।   प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज 27 जून को सुबह करीब दस बजे वायुसेना के विशेष विमान से मध्य प्रदेश के भोपाल के दौरे पर पहुंचे। स्‍टेट हैंगर पर राज्‍यपाल मंगुभाई पटेल, सीएम शिवराज सिंह समेत अन्‍य नेताओं ने उनकी आत्‍मीय अगवानी की। यहां से सड़क मार्ग के जरिए प्रधानमंत्री मोदी रानी कमलापति स्‍टेशन पहुंचे। यहां पर उन्‍होंने इंदौर-भोपाल और जबलपुर-भोपाल के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेन की प्रदेश को सौगात दी। इसके उपरांत प्रधानमंत्री मोदी भाजपा के मेरा बूथ सबसे मजबूत अभियान में शिरकत करने मोतीलाल नेहरू स्‍टेडियम पहुंचे। यहां पीएम मोदी ने देशभर के 10 लाख भाजपा बूथ कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। भोपाल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का रोड शो खराब मौसम की वजह से रद कर दिया गया है। 

योजनाओं में भेदभाव न हो तो संतुष्‍टि होगी

पीएम मोदी ने विरोधियों पर हमला बोलते हुए कहा कि वे मलाई खाने का रास्ता निकाल लेते हैं। हमारी प्राथमिकता दल से बढ़कर देश की है। हम तुष्‍टीकरण, वोटबैंक के रास्ते पर नहीं चलेंगे। तुष्टीकरण रास्ता नहीं, संतुष्टीकरण का रास्ता है। ये मेहनत का रास्ता है। योजनाओं के लाभ में भेदभाव नहीं होगा। इससे संतुष्टि होगी। यूपी में कई लोग तुष्टीकरण के शिकार हो गए और विकास से वंचित रह गए। दक्षिण भारत में भी कईसमाजों की उपेक्षा हुई। घूमंतु जातियों को वंचित रखा गया। हमने ऐसे लोगों की सुध ली। सामाजिक न्याय के नाम पर वोट मांगने वालों ने समाज के साथ अन्याय किया। तुष्टीकरण ने देश का नुक़सान किया। हमारा मार्ग केवल संतुष्टीकरण। 

तुष्‍टीकरण के बजाय संतुष्‍टीकरण पर जोर

उत्तराखंड की हिमानी वैष्णव ने पूछा कि पहले के दौर में सामाजिक क्रांति के नाम तुष्टीकरण किया गया। हमने तुष्‍टीकरण के बजाय संतुष्‍टीकरण पर जोर दिया। उसमें आए बदलाव को हम लोगों को कैसे बताएं। इस पर मोदी ने अपने जवाब में विरोधी दलों को भी आड़े हाथों लिया और कहा कि कुछ दल अपने लिए जीते हैं। तुष्टीकरण, वोटबैंक के माध्यम से गरीब को गरीब बनाए रखने से कुछ दिन चल जाते हैं, पर यह देश में विनाश लाता है।

हमारा लक्ष्‍य लोगों को शतप्रतिशत योजनाओं का लाभ देना

मेरा बूथ सबसे मजबूत सम्‍मेलन में बिहार से आए रिपु सिंह ने पूछा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को कैसे जनता तक पहुंचा सकते हैं।  इस पर मोदी ने उनकी शंका का समाधान करते हुए कहा कि हमारा लक्ष्य किसी एक योजना का लाभ देना नहीं है। शतप्रतिशत योजनाएं देना है। पीएम आवास वालों को, मुद्रा या अन्य योजना का लाभ मिल रहा है या नहीं, यह भी देखें। उसे ये लाभ दिलवाएं। बूथ कार्यकर्ता दायित्व समझकर यह काम करते हैं तो आपकी ताकत बनेगी। नमो एप सहित अन्य माध्यम से उन्हें जोड़ें। पीएम मोदी ने कहा कि जब हम अपनी बात तुलनात्मक रूप से कहते हैं, तो ज्यादा समझ में आता है। गैस कनेक्शन के लिए पहले कितना परेशान होते थे, आज कितना आसान हो गया। ये तुलना के साथ बताएंगे तो ज्‍यादा समझ में आएगा। आज नौ करोड़ से अधिक नए घरों में नल से जल पहुंचने लगा है।

सेवा के साथ पार्टी का काम भी होगा

पीएम मोदी ने कहा कि ऐसे कामों से आपका बूथ मजबूत होगा। सेवा भी होगी और भाजपा का काम भी हो जाएगा। आप गांव के लोगों से कहेंगे कि कापी नहीं है तो किसी से दिला दो। जन्मदिन, बरसी सहित अन्य कार्य आंगनबाड़ी में करें। इन बातों को ज्यादा महत्व दें। अंकुरित आहार तैयार कर बांट दें। स्कूल के साथ बूथ का कार्यकर्ता जुड़ जाता है, तो बच्चों में बदलाव आता हैं। बूथ कार्यकर्ता जनता की रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़ें। 

गांवों के विकास के बगैर नहीं बन सकता विकसित भारत

सवाल-जवाब के इस क्रम में आंध्रप्रदेश से आईं भाजपा कार्यकर्ता सरला रामकृष्णन के सवाल पर पीएम मोदी ने कहा कि कार्यकर्ता के मन में और ज्यादा काम करने की भूख होना बड़ी बात। गांवों को विकसित करना होगा। गांवों के विकास के बगैर विकसित भारत नहीं बन सकता। गांव में हरियाली, सोलर एनर्जी, पानी पर काम करना होगा। दो साल में ये प्रयास होने चाहिए। इसे सरकार का काम नहीं मानें। जनता जनार्दन का काम सोचकर करें। बच्चे स्कूल से ड्रापआउट नहीं होंगे।

मेरा बूथ कार्यक्रम में पीएम मोदी का संबोधन

भाजपा की सबसे बड़ी ताकत आप सभी कार्यकर्ता हैं। आज मैं एक साथ बूथ पर काम करने वाले 10 लाख कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहा हूं। शायद किसी भी राजनीतिक दल के इतिहास में ग्रास रूट लेवल पर संगठित तरीके से इतना बड़ा कार्यक्रम कभी नहीं हुआ होगा।