आगरा। शादी को लेकर लोगों के बड़े अरमान होते हैं, लेकिन कभी-कभी ये अरमान रिश्तों को ही खत्म कर देते हैं। शादी में दहेज की मांग और शादी को ग्रैंड करने की डिमांड कई बार रिश्ता बनने से पहले ही तोड़ देती है। आगरा में भी एक ऐसा ही मामला सामने आया। यहां के सर्राफ ने रिश्ता तय करने के बाद शादी में एक करोड़ रुपये खर्च करने का बजट बता दिया।

डेस्टिनेशन वेडिंग की मांग के साथ रेंज रोवर कार देने का दबाव बनाया। लड़के की बहनों ने उपहार में सोने के जेवरात की मांग कर दी। आरोप है कि खर्च उठा पाने में असमर्थता दिखाने पर लड़के ने आपत्तिजनक बातें की। शादी से पहले ही परिवार के तेवर देख लड़की वालों ने रिश्ता तोड़ सदर थाने में आठ लोगों के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न और अमानत में खयानत का मामला दर्ज कराया है।

ये है मामला

डिफेंस एस्टेट बुंदू कटरा के रहने वाले सेवानिवृत्त राज्य कर्मचारी ने सदर थाने में गोविंद नगर कानपुर के सर्राफ सुभाष पुरी, उनकी पत्नी सीमा पुरी और पुत्र चिराग समेत आठ लोगों को नामजद किया है। लड़की के पिता ने पुलिस को बताया कि सुभाष पुरी 14 फरवरी 2023 को परिवार समेत उनके घर आए थे। उन्होंने अपने पुत्र चिराग का रिश्ता उनकी पुत्री से करने की बात की। सुभाष पुरी के सराफा कारोबारी होने के कारण वह रिश्ते के लिए तैयार हो गए। कानपुर में रोके का कार्यक्रम हुआ।

रोके के बाद बदल गए लड़के वालों के तेवर

रोके की रस्म के बाद लड़के वालों का अंदाज बदल गया। लड़की की सास शादी में एक करोड़ रुपये खर्च करने की बात करने लगीं। वहीं, लड़का चिराग डेस्टिनेशन वेडिंग और रेंज रोवर कार देने की मांग करने लगा। बात नहीं बनने पर चिराग आपत्तिजनक बातें करने लगा। वह लड़की को अपने पास बुलाने लगा।

पुलिस कर रही है जांच

प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार शर्मा ने बताया कि अभियोग दर्ज किया है। विवेचना में मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं सर्राफ सुभाष पुरी का कहना है कि लड़की के स्वजन आपराधिक प्रवृत्ति के हैं तो उन्होंने रिश्ते से इनकार कर दिया। डेस्टिनेशन वेडिंग और रेंज रोवर कार और जेवरात मांगने का आरोप गलत है, उल्टा रोके में उनका दस लाख रुपया खर्चा हुआ है।