दिल्ली में सब्जी मंडी थाने में एक महिला ने अपने 16 वर्षीय रिश्तेदार के खिलाफ 12 वर्षीय बेटी के साथ दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए शिकायत की है। महिला के अनुसार पिछले साल नवंबर में आरोपी एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दिल्ली आया था। इसी दौरान उसने दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। अब सात महीने के बाद इसकी जानकारी मिलने से पीड़िता के परिजन परेशान हैं। पुलिस ने आईपीसी की धारा 376 और 6 व पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि पीड़िता के पेट में अचानक दर्द उठने पर उसकी मां उसे नजदीकी अस्पताल ले गई थी। वहां उन्हें लड़की के गर्भवती होने की जानकारी मिली। इसके बाद महिला ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। जांच शुरू होने पर पता चला कि आरोपी फरार चल रहा है।