नई दिल्ली । देश की राजधानी दिल्ली में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक बदमाश ने एक कांस्टेबल पर ब्लेड से हमला कर दिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में पुलिसकर्मी बहादुरी से बदमाश का सामना करता हुआ नजर आ रहा है। हालांकि, पुलिसकर्मी ने बदमाश को दबोच लिया और उसे थाने लेकर आया है। पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो गांधी नगर थाना इलाके का है। फोन लूट कर भाग रहे बदमाश को जब पुलिसकर्मी ने पकड़ने की कोशिश की तो उसने ब्लेड निकलकर उसपर हमला कर दिया। इसके बाद पुलिस के जवान ने बहादुरी दिखाते हुए बदमाश को पकड़ लिया। ये पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस के मुताबिक, 11 अक्टूबर को हेड कांस्टेबल नीरज धामा और कांस्टेबल राजेश रघुबरपुरा-2 इलाके में गश्त कर रहे थे। शाम करीब साढ़े चार बजे उन्होंने हंगामा सुना तो तुरंत मौके पर पहुंचे। तभी एक शख्स ने इशारा करते हुए बताया कि उसका मोबाइल लूट लिया गया है। इसके बाद कांस्टेबल बदमाशों के पीछे भागे। एक कांस्टेबल राजेश ने एक बदमाश को धर दबोचा। वहीं, हेड कांस्टेबल नीरज धामा दूसरे बदमाश के पीछे गए। अपने आपको पकड़ा जाता देख बदमाश ने ब्लेड निकाल लिया और हेड कांस्टेबल पर हमला कर दिया। तभी नीरज ने तुरंत आत्मरक्षा में अपनी वर्दी की बेल्ट निकाली और बदमाश बहादुरी दिखाते हुए उसे अपनी गिरफ्त में ले लिया। बदमाश न्यू उस्मानपुर इलाके का रहने वाला है। उसका नाम निशू बताया जा रहा है। वहीं, जिस शख्स की मोबाइल लूटी गई थी, वह गली नंबर 1 ओल्ड सीलमपुर, गांधी नगर का रहने वाला है। वह दर्जी का काम करता है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दोनों बदमाशों से पूछताछ की जा रही है।