दिल्ली और नोएडा के कुछ इलाकों में गुरुवार शाम को अचानक तेज हवाएं चलने लगी। तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी भी हुई। मौसम के अचानक करवट लेने से तापमान में गिरावट हुई है। दिल्ली और दिल्ली से सटे इलाकों में तेज आंधी भी चली।

दिल्ली और नोएडा में गुरुवार सुबह से ही आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए हुए थे। मौसम विभाग ने भी बारिश की संभावनाएं जताई थी। मौसम विभाग ने कहा था कि गुरुवार को दिन में बादल छाए रहेंगे और शाम होते-होते हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। मौसम विभाग ने गर्मी से राहत मिलने का भी अनुमान लगाया था। 

मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण दिल्ली में अगले 5 दिनों तक कुछ जगहों पर बूंदाबांदी और हल्की बारिश हो सकती है। 

मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को कुछ जगहों पर 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवा चलने की आशंका जताई गई थी। अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

बुधवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम है।