जनकपुरी महोत्सव इस वर्ष तीन नहीं, पांच दिन का होगा। जनक महल की थीम अयोध्या में बन रहे भगवान श्रीराम के मंदिर को समर्पित होगी। पूरा आयोजन होर्डिंग फ्री रहेगा। शुक्रवार को आयोजन समिति पदाधिकारियों ने बैठक कर यह महत्वपूर्ण निर्णय लिए।

संजय प्लेस में सजेगी जनकपुरी

जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष मुरारी प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष संजय प्लेस में जनकपुरी सजेगी। आयोजन को भव्य बनाने के प्रयास जारी हैं।

जनकपुरी महोत्सव इस बार तीन के स्थान पर 10 से 14 अक्टूबर तक पांच दिन का होगा।
10 अक्टूबर को श्रीराम बरात वाले दिन क्षेत्र में माता जानकी का डोला भ्रमण करेगा।
11 अक्टूबर को भगवान श्रीराम बरात का मिथला नगरी में भव्य स्वागत होगा।
तीन दिन विभिन्न कार्यक्रम के बीच भगवान मिथिलावासियों को दर्शन देंगे।
13 अक्टूबर को माता जानकी की विदाई होगी।
14 अक्टूबर को समिति सम्मान समारोह आयोजित करेगी।

होर्डिंग फ्री रखा जाएगा आयोजन

समिति ने एक और निर्णय लिया है कि इस वर्ष आयोजन होर्डिंग फ्री रखा जाएगा, समिति पदाधिकारी व अन्य लोग क्षेत्र में किसी भी तरह के होर्डिंग नहीं लगाएंगे। ऐसा करने का उद्देश्य है कि मनमुटाव की स्थिति न बने और सभी नाम के स्थान पर श्रीराम के लिए निस्वार्थ भाव से काम करें।

श्रीरामलीला कमेटी से मिली अनुमति

जनकपुरी आयोजन समिति पदाधिकारी शुक्रवार को श्रीरामलीला कमेटी अध्यक्ष विधायक और महामंत्री से मिले। उन्होंने जनकपुरी में स्वरूपों को दो के स्थान पर तीन दिन ठहराने की मांग थी, जैसा वर्ष 1994 में तत्कालीन मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के आने पर हुआ था। श्रीरामलीला कमेटी पदाधिकारियों ने अनुरोध स्वीकार करते हुए स्वरूपों के 11 से 13 अक्टूबर तक जनकपुरी में प्रवास के लिए हां कर दी।

क्षेत्रीय समस्याओं को कर रहे चिह्नित

जनकपुरी आयोजन करीब है और क्षेत्र में समस्याओं को अंबार लगा है। उन्हें दूर कराने के लिए आयोजन समिति रोजाना क्षेत्र का दौरा कर समस्याएं चिह्नित कर उन्हें अधिकारियों तक पहुंचा रही है। समिति पदाधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अधिकांश पार्किंग टूटी अवस्था में है, नालियां और सीवर चोक हैं, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था ठीक नहीं, पेडों की कटाई होनी है। सभी समस्याओं को अधिकारियों के संज्ञान में लाकर दूर कराया जाएगा।