भोपाल । देश के हृदय प्रदेश कहे जाने वाले मध्यप्रदेश ने दुनियाभर के पर्यटन नक्शे पर अब अपनी एक नई पहचान बनाई है। पिछले कुछ सालों की तुलना में वर्ष 2022 में मध्यप्रदेश आने वाले पर्यटकों की संख्या में इजाफा हुआ है। पर्यटन मंत्रालय की जारी रिपोर्ट के आंकड़े बता रहे हैं कि पिछले दो साल में प्रदेश में आने वाले पर्यटक करीब 60 फीसदी बढ़ी है। साल 2022 में प्रदेश में देश-विदेश के 3 करोड़ 40 लाख से ज्यादा पर्यटक आए हैं, जो 2021 की तुलना में 33 फीसदी से ज्यादा है। 2021 में 2 करोड़ 55 लाख से ज्यादा पर्यटकों ने मध्यप्रदेश के पर्यटन स्थलों को देखा था। 2020 में ये आंकड़ा 2 करोड़ 14 लाख से ज्यादा था। 2020 की अपेक्षा 2022 में 1 करोड़ 27 लाख 38 हजार 064 पर्यटक बढ़े, जो करीब 60 प्रतिशत की बढ़ोतरी है। अधिकारियों के अनुसार, मध्यप्रदेश में पर्यटकों की संख्या में पिछले सालों की तुलना में देखी गई ये बढ़ोतरी प्रदेश के धार्मिक और वाइल्ड लाइफ पर्यटन के कारण है, जो पिछले कुछ साल में देश-दुनिया के पर्यटन के नक्शे पर तेजी से उभरकर आया है। प्रदेश के हेरिटेज भी इसका एक बड़ा कारण है। प्रदेश सरकार और पर्यटन विभाग प्रदेश के हेरिटेज के साथ ही नए पर्यटन स्थलों को लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रयास कर रहा है, ताकि आने वाले समय में प्रदेश के पर्यटन में और बढ़ोतरी हो सके।

देश-विदेश में रोड शो किए आयोजित
पर्यटन विभाग ने पिछले साल देश-विदेश में कई रोड शो आयोजित किए और हर फोरम पर प्रदेश की खासियत को लेकर पहुंचे, साथ ही राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के कई बड़े ट्रेवल शो में मध्यप्रदेश को लोगों तक पहुंचाया। पिछले एक साल की बात करें, तो 10 से ज्यादा देश-विदेश के बड़े शो में मध्यप्रदेश ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इतना ही नहीं, विभाग ने प्रदेश को दुनिया के हर कोने में पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया का सहारा भी लिया, जिसका फायदा भी विभाग को मिला।

2023 में और बढ़ेगा आंकड़ा
प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर होने वाले फेस्टिवल, एडवेंचर एक्टिविटीज और ग्रामीण पर्यटन ने प्रदेश को एक अलग पहचान देते हुए प्रदेश में पर्यटकों का आंकड़ा बढ़ाया। यदि आंकड़ों की बात करें, तो 2023 में इसमें और इजाफा हो सकता है। साल की शुरूआत में ही प्रदेश ने प्रवासी भारतीय सम्मेलन, ग्लोबल समिट और जी-20 जैसे बड़े आयोजन को होस्ट किया है और देश में कोरोना के कारण लगे तमाम प्रतिबंध भी भारत सरकार पूरी तरह से हटा चुकी है। ऐसे में अब यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या इस साल और बढ़ेगी।